भारत की हार पर निराश होकर किया ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की बस पर हमला, बस के टूटे कांच

भारतीय क्रिकेट टीम के ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4 साल में पहली बार टी20 मैच हारने का दर्द क्रिकेट प्रेमियों को कुछ ऐसा हो गया कि गुवाहाटी में मैच के बाद वापस लौटती ऑस्ट्रेलियाई टीम की बस पर हमला हो गया। एक ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ने हमले के फोटो सोशल वेबसाइट पर पोस्ट किए तो थोड़ी ही देर में पूरी दुनिया में ये खबर फैल गई। यहां तक कि कई ऑस्ट्रेलियाई वेबसाइट्स ने इसे शर्मनाक हरकत बताते हुए खबरें भी चला दीं।

टीम बस पर किया गया पथराव

ऑस्ट्रेलियाई टीम की बस पर भारत के खिलाफ मैच खेलने के बाद गुवाहाटी में देर रात होटल वापस लौटते समय कुछ उपद्रवियों ने पथराव कर दिया। इस पथराव में एक क्रिकेट की गेंद जितना बड़ा पत्थर दाएं तरफ की खिड़की में जाकर लगा और अंदर आ गिरा, जिससे टीम बस के शीशे टूट गए और सभी खिलाड़ी बेहद घबरा गए।

बस ड्राइवर तत्काल बस को आगे दौड़ा ले गया। लेकिन इस घटना से खिलाड़ी बहुत देर तक घबराए रहे। ऑस्ट्रेलियाई टीम प्रबंधन और उनके साथ चल रहे सुरक्षा स्टाफ ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय क्रिकेट अधिकारियों और ऑस्ट्रेलिया में अपनी क्रिकेट एसोसिएशन को दी है।

फिंच ने ट्वीट से दी सबको जानकारी

ऑस्ट्रेलियाई टीम के सलामी बल्लेबाज आरोन फिंच ने इस घटना के बाद बस की टूटी खिड़की का फोटो ट्वीट करते हुए सभी को इस घटना की जानकारी दी। हालांकि बताया गया है कि इस घटना में कोई भी खिलाड़ी भाग्य के चलते घायल नहीं हुआ है, क्योंकि कोई भी खिलाड़ी उस खिड़की पास नहीं बैठा हुआ था। ऑस्ट्रेलिया के कार्यवाहक कप्तान डेविड वार्नर ने भी फिंच के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए इस घटना के बारे में सभी को बताया।

एक महीने में दूसरी बार ऑस्ट्रेलियाई टीम पर हुआ हमला

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम की बस पर ये लगभग एक महीने के अंदर दूसरी बार हमला हुआ है। भारत आने से पहले बांग्लादेश में टेस्ट सीरीज खेल रहे ऑस्ट्रेलियाई टीम की बस पर वहां भी चिटगांग टेस्ट के दौरान स्टेडियम से होटल लौटते समय पथराव हुआ था। तब भी बस के शीशे टूट गए थे, लेकिन कोई खिलाड़ी घायल नहीं हुआ था।

टिप्पणियाँ

लोकप्रिय पोस्ट